देश की महारत्न कंपनी एनटीपीसी में लगातार 25 वर्षों तक सेवा देने वाले 24 अधिकारियों व कर्मचारियों को दीर्घ सेवा सम्मान दिया गया। वहीं एक अन्य कार्यक्रम में परियोजना प्रभावित गांवों की महिलाओं को सिलाई मशीन एवं निशक्तों को ट्राई साइकिल वितरित की गई।
दिल्ली से पहुंचे एनटीपीसी के निदेशक कौशल किशोर शर्मा ने कहा कि लगनशील अधिकारियों व कर्मचारियों की बदौलत एनटीपीसी देश को रोशन करने में सबसे अधिक योगदान देती है।
उन्होंने 25 वर्ष सेवा दे चुके अधिकारियों व कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। इससे पूर्व एनटीपीसी महाप्रबंधक रामकृष्ण पाल ने निदेशक कौशल किशोर शर्मा एवं जागृति महिला मंडल की अध्यक्ष मधुमिता पाल ने श्रीमती नैना शर्मा का बुके भेंटकर स्वागत किया।
दीर्घ सेवा सम्मान के उपरांत एनटीपीसी परिसर स्थित विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। मानव संसाधन विभाग के प्रमुख पी श्रीधर समेत विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन एसोसिएशन के प्रतिनिधि एवं परियोजना के विद्यालयों के प्राचार्य मौजूद रहे।
एक अन्य कार्यक्रम में परियोजना प्रभावित जरुरतमंद महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए निदेशक केके शर्मा, श्रीमती नैना शर्मा ने सिलाई मशीनें वितरित कीं। नि:शक्त लोगों को ट्राई साइकिलें वितरित की गईं। परियोजना प्रमुख रामकृष्ण पाल, जागृति महिला मंडल अध्यक्ष मधुमिता पाल समेत परियोजना अधिकारी एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे।