औरैया। मतदान के दौरान वोटरों को सहूलियत देने के मतदेय स्थलों के संभाजन के भेजे गए प्रस्ताव को आयोग ने मंजूरी दे दी है। संभाजन के बाद जिले में 1300 मतदेय स्थल होंगे।
इससे पहले जिले में 1139 मतदेय स्थल थे। ऐसे में अब 161 मतदेय स्थलों की बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके लिए एक मतदेय स्थल पर 1200 मतदाताओं के संभाजन का मानक तय किया गया था।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में तीनों विधान सभाओं के तहत 854 मतदान केंद्रों पर 1139 मतदेय स्थल थे। संभाजन के बाद जिले में प्रस्तावित 161 मतदेय स्थलों को सम्मिलित करते हुए मतदेय स्थलों की संख्या 1300 हो गई है। विधानसभा वार जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में 202 बिधूना विधानसभा के कुल 286 मतदान केंद्रों पर 404 मतदेय स्थल थे।
संभाजन के बाद स्थलों की संख्या बढ़कर 471 हो गई है। वहीं, पूर्व में 203 दिबियापुर विधानसभा के कुल 289 मतदान केंद्रों पर 361 मतदेय स्थल थे। संभाजन के बाद यहां मतदेय स्थलों की संख्या बढ़कर 410 हो गई है। इसी तरह से 204 औरैया विधानसभा के कुल 287 मतदान केंद्रों पर 374 स्थल थे। संभाजन के बाद संख्या बढ़कर 419 हो गई है।