गेल में पाता के दूसरे चरण के प्लांट का लोकार्पण करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में दिबियापुर आ सकते हैं। प्रधानमंत्री की रैली के लिए तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। कार्यक्रम की तारीख अभी तय नहीं हो पाई है। गेल अधिकारियों को उम्मीद है कि दिसंबर माह में पीएम की कानपुर में प्रस्तावित रैली के साथ ही दिबियापुर में भी कार्यक्रम लग सकता है।
गेल में पाता के दूसरे चरण के प्लांट का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को करना है। पीएमओ से कार्यक्रम के लिए हरी झंडी मिल गई है। अभी तारीख तय नहीं हुई है। पहले 15 से 20 नवंबर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम मिलने का अनुमान था। इसके लिए तैयारियां भी तेज कर दी गई थीं। 106 एकड़ भूमि को समतल कराया गया था।
तीन हेलीपैड के लिए जगह चिन्हित कर ली गई। हैलीपैड से मंच तक जाने के लिए सीसी सड़क का निर्माण किया जा चुका है। रंग रोगन का काम भी पूरा हो चुका है। अभी तक तारीख तय नहीं हो पाई है। गेल के एक अधिकारी ने बताया कि पीएम का कार्यक्रम अगले माह हो सकता है। कानपुर में होने वाली पीएम की रैली के साथ ही दिबियापुर में भी कार्यक्रम होने के आसार हैं। कानपुर में पीएम की रैली 18 दिसंबर को प्रस्तावित है।