पीलीभीत के गौहनिया चौराहे के पास लीकेज पानी की पाइप लाइन को ठीक करते कर्मी।संवाद
पीलीभीत। टनकपुर हाईवे के किनारे जगह-जगह खोदे जा रहे गड्ढों से नगरपालिका की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पालिका के कर्मचारी एक जगह की लीकेज सहीं नहीं कर पाते, तब तक दूसरी जगह की आपूर्ति ठप हो जाती।
शहर के बीच से गुजरे टनकपुर हाईवे पर एक सप्ताह पूर्व से बिजली व गैस की लाइन डालने के नाम पर गड्ढों की खोदाई कराई जा रही है। नगर पालिका की ओर से नाला निर्माण भी हो रहा है। इससे नगर पालिका की पानी पाइपलाइन कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई।
जगह-जगह लीकेज और पानी की आपूर्ति ठप होने से पालिका प्रशासन भी परेशान रहा। बता दें कि तीन दिन पूर्व से पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से शहर के कई हिस्सों में जलापूर्ति प्रभावित है। शुक्रवार को गन्ना तिराहे के पास पाइपलाइन में लीकेज की समस्या सामने आई।
टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी से खोदाई कराने के बाद मरम्मत कार्य शुरू कराया। देर रात तक टीम कार्य में जुटी रही। नगर पालिका के जलकल प्रभारी तारिक ने बताया कि टीम मरम्मत कार्य में जुटी है।