दिबियापुर (औरैया)। बिजली विभाग ने देश की महारत्न कंपनी गेल इंडिया लिमिटेड पाता के खिलाफ लगभग 92 करोड़ के बकाये पर रिकवरी नोटिस जारी किया है। एसडीएम औरैया ने जल्द से जल्द बकाया जमा करने के लिए गेल को नोटिस दिया है। कहा कि नोटिस की मियाद पूरी होने से पहले बकाया जमा नहीं किया तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
गेल इंडिया लिमिटेड पाता प्रदेश सरकार से बिजली खरीदती है। गेल पर बिजली बिल का 91 करोड़ 81 लाख 40 हजार रुपये बकाया है। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता की ओर से गेल के खिलाफ रिकवरी नोटिस जारी किया है। इस पर एसडीएम ने बकाया जमा करने के लिए नोटिस जारी किया है।
औरैया एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने बताया कि विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता ने रिकवरी नोटिस जारी किया है। इस आधार पर उन्होंने गेल पाता को नोटिस दिया है। नोटिस की मियाद 14 मई है।
इसके बाद कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, बिजली विभाग के सूत्रों के अनुसार जल्द ही विभाग की टीम वसूली के लिए गेल जाएगी। इस संबंध में गेल पाता के महाप्रबंधक शशांक सक्सेना का कहना है कि अभी बिजली बिल बकाये के संबंध में जानकारी नहीं है। इसकी जानकारी करके निदान कराया जाएगा।