कंचौसी। इटावा नहर से निकली दस किलोमीटर लंबी ढिकियापुर माइनर में टेल तक पानी न पहुंचने से किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं।
ढिकियापुर, करौधा, सूखमपुर, जमौली, घसा का पुरवा समेत कई गांवों के किसानों को इस समय सिंचाई के लिए पानी की जरूरत है। टेल तक पानी न पहुंचने से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल सूख रही है।
किसान नंद किशोर, शिव प्रताप, खुशीराम, रमाशंकर, सुखदेव सियाराम, संतोष कुमार, रामेश्वर दयाल, श्याम सिंह, अनिल कुमार आदि ने सिंचाई खंड दिबियापुर के अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि दिबियापुर रेलवे स्टेशन के किनारे से निकली माइनर की सफाई न होने से समस्या है। कुछ लोगों के बंधा लगाकर पानी रोकने की बात भी कही है।