औरैया। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका के बीच जिले में हुए सीरो सर्वे की रिपोर्ट न आना भी स्वास्थ्य विभाग के लिए सिरदर्द बन गया है। चार सीरो सर्वे में तीन की रिपोर्ट जिले के अधिकारियों के पास नहीं पहुंची है। ऐसे में यह पता नहीं चल पा रहा है कि किस क्षेत्र के कितने लोगों में एंटीबॉडी बनी हैं। विभागीय अधिकारी मेरठ लैब से रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं।
कोरोना संक्रमण की शुरुआत के बाद मार्च 2020 में बीहड़ क्षेत्र में पहला सीरो सर्वे हुआ था। इसकी रिपोर्ट आने पर बताया गया था कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की प्रतिरोधक क्षमता ठीक है। लेकिन फिर संक्रमण बढ़ने के साथ ही मरीजों की संख्या बढ़ी। दूसरी लहर आई तो संक्रमण तेजी से फैला। इस दौरान एंटीबॉडी का पता लगाने के लिए एक साल में एक के बाद एक तीन और सीरो सर्वे कराए गए। तीसरे चरण में पालिका क्षेत्र के वार्ड, गांवों में सर्वे के तहत सैंपल लिए। कुल 758 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए। इनमें बच्चे, कोरोना का टीका लगवा चुके लोगों, कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके लोगों व सामान्य लोगों को शामिल किया गया। सभी सैंपलों को जांच के लिए मेरठ लैब भेजा गया था। इस सर्वे को हुए ढाई माह बीत चुके हैं। इसके बाद केंद्र से आई टीम ने चौथा सर्वे भी किया। इसे भी एक माह से ज्यादा हो गया लेकिन अभी तक प्रयोगशाला से सर्वे की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को नहीं मिली है। ऐसे में एंटीबॉडी का पता न चलने पर अधिकारी अग्रिम रूपरेखा नहीं बना पा रहे हैं।
वर्जन
जिले में हुए सीरो सर्वे की रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुई हैं। इस संबंध में मेरठ की प्रयोगशाला से संपर्क किया जा रहा है। - डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, सीएमओ
वैक्सीनेशन में टोकन को लेकर हंगामा
बेला। सीएचसी पर टीका लगवाने के लिए बुधवार को दिनभर भीड़ रही। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए टोकन व्यवस्था की गई। तीसरी लहर की आशंका को देखकर लोगों में टीकाकरण को लेकर उत्साह बढ़ा है।
बुधवार को सीएचसी में शाम चार बजे तक टीकाकरण चला। यहां टोकन को लेकर दो युवकों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। चिकित्साधिकारी डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि शिकायत आ रही है कि यहां से लोग टोकन लेकर बाहर बेच रहे हैं। रजिस्ट्रेशन के नाम पर भी लोगों से रुपये लिए जा रहे हैं। जिसे टीका लगना है, उसी व्यक्ति को टोकन दिए जा रहे हैं।
5683 लोगों ने लगवाया टीका
औरैया। टीकाकरण अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि बुधवार को जिले में 34 स्थानों पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। इसमें 5683 लाभार्थियों ने टीका लगवाया। 5160 लाभार्थियों ने पहली और 523 लाभार्थियों ने दूसरी डोज लगवाई। जिले में कुल दो लाख 47 हजार लाभार्थियों का टीकाकरण हो चुका है। दो लाख दो हजार 701 लाभार्थियों को पहली और 44483 लाभार्थियों को दूसरी डोज लगी है। 18 साल से अधिक आयु के 82236 लाभार्थियों को पहली और 3592 लाभार्थियों लोगों को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। (संवाद)
महिला मिली संक्रमित
औरैया। बुधवार को महिला कोरोना संक्रमित मिली है। इसके साथ एक्टिव केस छह हो गए हैं। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को आए आरटीपीसीआर सैंपलों की रिपोर्ट में ऐरवाकटरा ब्लॉक के गांव उमरैन निवासी 48 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई। वह होम आइसोलेट है। चार क्षेत्र एक्टिव हॉटस्पॉट की सूची में शामिल हैं। तीन गंभीर संक्रमित मरीजों का उपचार जिले के बाहर चल रहा है। इनमें एक मरीज ब्लैक फंगस का भी है। बुधवार को स्वास्थ्य टीमों ने 1695 सैंपल लिए। (संवाद)