औरैया। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 24 मई तक लॉकडाउन बढ़ने के बाद रविवार को बाजारों में अफरातफरी रही। सुबह सात से 11 बजे तक मेडिकल, दूध, फल, सब्जियों की दुकानें खुलने के निर्देश हैं लेकिन बाजार आम दिनों की तरह खुले रहे। कहीं भी सामाजिक दूरी का पालन होता नजर नहीं आया।
हाल ये रहा कि दोपहर 12 बजे तक किराना की दुकानों पर भीड़ रही। कहीं संपूर्ण बंदी न हो जाए, इसकी आशंका में लोग जरूरी सामान जुटाते दिखे। वहीं हार्डवेयर, इलेक्ट्रानिक, गारमेंट्स की दुकानें भी खुली रहीं। पुलिस की सख्ती के बाद भी लोग चोरी छिपे सामान बेचते दिखे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी भीड़ दिखी। लोग न तो मास्क लगाए दिखे और न ही सामाजिक दूरी का पालन करते नजर आए। सुबह-शाम सड़कों पर चहल पहल देखी गई। कुछ जागरूक लोगों ने कहा कि ऐसे तो कोरोना पर नियंत्रण नहीं लग सकेगा।