शनिवार सुबह से ही औरैया- कन्नौज मार्ग पर नहर बाजार में राहगीर कई घंटों तक जाम से जूझते रहे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नो इंट्री का समय घोषित किए जाने के बावजूद नो इंट्री लागू पर सख्ती न होने से बड़े वाहन जाम का कारण बन रहे हैं।
लोगों ने नहर पुल पर अस्थाई डिवाइडर रखवाने, नो इंट्री का पालन कराने, यातायात पुलिस की तैनाती एवं सड़क को गड्ढामुक्त कराए जाने की मांग की है।
नहर बाजार में शनिवार सुबह दुकानदार अपने प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे। इससे पहले ही नहर बाजार एवं बेला रोड पर ट्रकों की लंबी लाइन लगी हुई थी, जिसे देख दुकानदार मायूस हो गए। दुकानदारों का कहना है कि जाम के कारण इस मार्ग पर उपभोक्ता आने से कतराने लगे हैं और उनका व्यापार चौपट हो रहा है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष सुखलाल गुप्ता, सभासद सुभाष यादव, सभासद अजय पोरवाल, ट्रेडर्स एंड इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पैराडाइज आदि ने समस्या से अतिशीघ्र निजात दिलाए जाने की मांग की है ताकि चौपट हो रहे व्यापार को संजीवनी मिल सके।
यहां बता दें कि पिछले दिनों पुलिस अधीक्षक ने दिन के समय नहर बाजार में बड़े वाहनों के लिए नो इंट्री घोषित की थी। सुबह नौ से 12 बजे एवं दोपहर को तीन से रात्रि आठ बजे तक रखा गया था। परंतु सख्ती न होने के कारण नो इंट्री के समय में भी बड़े वाहनों को नहीं रोका जा रहा है। पिछले दिनों जाम में जिलाधिकारी का काफिला भी फंस गया था।