औरैया। कोरोना कर्फ्यू के दौरान भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। रविवार को भी सड़कों पर लोग घूमते दिखे। वहीं सवारियां न मिलने से बाहर से आने वाले लोग भटकते रहे।
रविवार को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पंचायत चुनाव की मतगणना में व्यस्त रहे। ऐसे में कर्फ्यू के दौरान भी सुबह से इटावा रोड, गौशाला रोड, यमुना रोड, दिबियापुर रोड आदि मार्गों पर लोग घूमते दिखे। संजय गेट पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने बेवजह घूम रहे लोगों को पूछताछ कर लौटा दिया। दोपहर में निझाई चौकी इंचार्ज ने लेडीज मार्केट की ओर से आते कार सवारों से पूछताछ की। कार सवारों ने जांच कराने जाने की बात कही। कर्फ्यू के दौरान बाजारों में सन्नाटा छाया रहा।