फफूंद। पवित्र नवरात्र और मुक़द्दस रमजान की शुरुआत हो गई है लेकिन फल, मिठाई के साथ अन्य दुकानों में सन्नाटा छाया है। इससे दुकानदारों में मायूसी है। कोरोना के कारण बाजारों में रौनक नहीं है।
बाजार चमनगंज मंडी में दुकानदार प्रेम नारायण पोरवाल ने बताया कि पिछली बार तो बाजार बिल्कुल ठंडा था। इस बार थोड़ी बिक्री हुई और उम्मीद थी कि धंधा अच्छा रहेगा लेकिन कोरोना संक्रमण ने अरमानों पर पानी फेरना शुरू कर दिया है। व्यापारी शाह खालिद ने बताया कि पिछली बार लॉक डाउन में गुजरे त्यौहार से तो कोई फायदे का सवाल ही नहीं।
इस बार तो पहले से माल भी मंगवा लिया गया है। लेकिन कोई सामान नहीं बिक रहा है। व्यापारी दिलीप कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि कोरोना के डर से ग्रामीण परिवेश का ग्राहक कम निकल रहा है। बुधवार को फफूंद कस्बे का बाजार सन्नाटे में नजर आया। फल विक्रेता आसिफ खान ने बताया कि पिछले वर्ष कोरोना के चलते फल सस्ते थे। ग्राहक नहीं आ रहे थे, वही हालात इस बार भी हो गए हैं।