औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी कपड़ा व्यापारी गोपाल गुप्ता (28) सोमवार की शाम से लापता है। 30 घंटे बाद भी उनका कोई सुराग नहीं है। हालांकि इस मामले में परिजनों की तहरीर पर थाने में मंगलवार को गुमशुदगी दर्ज की जा चुकी है। पुलिस, व्यापारी के जाने के पीछे घर में हुई कहासुनी का मामला बता रही है।
रेडीमेड कपड़ा व्यापारी गोपाल गुप्ता सोमवार की शाम दुकान बंद करके घर को निकले थे। लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे थे। परिजनों ने उनकी तलाश की पर पता नहीं लगा। मंगलवार को सदर विधायक रमेश दिवाकर के अलावा समाजसेवी संस्था एक विचित्र पहल सेवा समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर व्यापारी के अपहरण की आशंका जताई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। इस संबंध में चौकी इंचार्ज ब्रह्मनगर बलवीर सिंह ने बताया कि व्यापारी के मिलने वालों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि उसका घर में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसके बाद से वह लापता है। सर्विलांस टीम भी उसके मोबाइल की लोकेशन का पता करने में जुटी हुई है। साथ ही उसकी सीडीआर भी खंगाली जा रही है।