-मरीज व तीमारदार घर से ला रहे कंबल, राहत देने वाले हीटर भी नदारद
-अस्पतालों में तीमारदारों के रुकने के लिए रैन बसेरे का भी इंतजाम नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। ऐसी स्थिति में सरकारी अस्पतालों में ठंड से बचाव के इंतजाम न होना कहीं न कहीं परेशानी के लिए बड़ा सबब हैं। खास तौर पर जच्चा-बच्चा वार्ड में रूम हीटर की जरूरत हैं।
मरीजों के साथ आए तीमारदारों के लिए रुकने के लिए रैनबसेरा तक के इंतजाम नदारद हैं। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से मरीजों से लेकर साथ आए तीमारदारों के लिए परेशानी बन रही हैं। वहीं इन समस्याओं को लेकर संबंधित सीएचसी अधीक्षक बड़ी हैरानी के साथ अनभिज्ञता जाहिर कर रहे हैं।
सीन-1
फोटो12एयूआरपी 07- मरीज के पास बैठी गंगा देवी। संवाद
अजीतमल सीएचसी-एक कंबल से कट रहीं रातें
अजीतमल सीएचसी में मरीजों एवं जच्चा-बच्चा को सिर्फ एक कंबल के सहारे रात काटने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। अमर उजाला ने पड़ताल की तो जच्चा-बच्चा वार्ड में दो मरीज भर्ती मिले। जिनके पास लाल रंग का सिर्फ एक-एक कंबल दिखा। रूम हीटर लगा मिला और न तीमारदारों के लिए रैन बसेरा का इंतजाम। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनीश कुमार ने बताया कि हीटर क्यों नहीं लगाया गया इसकी जानकारी करेंगे। कंबल की कोई कमी नहीं है। स्थायी रैन बसेरा को लेकर बताया कि वार्ड में ही 10 बिस्तर लगाकर तीमारदारों के लिए अस्थायी रैन बसेरा बनाया गया है।
घर से मंगवाना पड़ा कंबल
जच्चा-बच्चा वार्ड में मिली रहमापुर गंगा देवी ने बताया कि वह रात एक बजे अपनी बहू पूजा को लेकर अस्पताल आई थीं। जिसने बच्ची को जन्म दिया है, लेकिन रात में सिर्फ एक कंबल दिया गया। बहू को सर्दी से बचाने के लिए घर से कंबल मंगवाना पड़ा। जिससे बच्ची और बहू ठंड से बच सकें, लेकिन वह स्वयं पूरी रात ठंड में सिकुड़ती रही। वार्ड में न तो कोई हीटर लगा है और न ही कोई अन्य इंतजाम है।
सीन-2
फोटो12एयूआरपी 08-बिधूना अस्पताल में जच्चा-बच्चा वार्ड में भर्ती दो गर्भवती के साथ मौजूद तीमारदारों की भीड़। संवाद
बिधूना मातृ एवं शिशु चिकित्सालय का हीटर चोरी
शुक्रवार दोपहर पड़ताल में बिधूना मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में जच्चा-बच्चा वार्ड में दो गर्भवती भर्ती पाईं गईं। वहीं आठ गर्भवतियों को रात में छुट्टी दी गई। अस्पताल के बाहर न अलाव के इंतजाम मिले और न ही वार्ड में रूम हीटर की व्यवस्था। सर्दी से बचाव के लिए मरीजों के पास सिर्फ कंबल थे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. बीपी शाक्य ने बताया कि अस्पताल में मरीजों को कंबल दिए जा रहे हैं। वार्ड में लगा रूम हीटर किसी ने चोरी कर लिया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से अलाव के लिए कहा जा चुका हैं।