औरैया। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत जैतापुर के गांव मिर्जापुर बैरमशाह स्थित गोशाला बदहाल है। यहां सूखा चारा खाकर गोवंश बीमार हो रहे हैं। हाल ये है कि दस दिनों में चार गोवंशों की मौत हो चुकी है जबकि दो गोवंश बीमार पड़े हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार व्यवस्था पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
लगभग एक वर्ष पहले मिर्जापुर बैरमशाह में सवा करोड़ रुपये से स्थायी गोशाला का निर्माण कराया गया था। ग्रामीणों के मुताबिक जब से गोशाला बनी है, तब से गोवंशों को सूखा चारा दिया जा रहा है। इसके कारण गोवंश कुपोषित और बीमार हो रहे हैं। गोशाला में इस समय करीब 320 गोवंश हैं। ग्रामीणों ने बताया कि 10 दिन में बीमारी और कमजोरी के कारण चार गोवंश दम तोड़ चुके हैं। गोशाला की देखरेख के लिए नौ कर्मी नियुक्त हैं।
निरीक्षण के नाम पर होती खानापूरी
एक साल से गोवंशों को सूखा चारा दिया जा रहा है। अधिकारी निरीक्षण के नाम पर खानापूरी कर चले जाते हैं। देखरेख के समुचित इंतजाम न होने से गोवंश बीमार हो रहे हैं।- राहुल यादव
सूखा चारा खाकर बीमार हो रहे गोवंश
गोशाला में पर्याप्त जगह है। एक साल हो चुका है, लेकिन पशुओं के लिए हरे चारे का इंतजाम नहीं है। गोवंशों को सूखा चारा दिया जा रहा है। जिसके कारण वह बीमार पड़ रहे हैं।- बाबू सिंह
वर्जन
गोशाला में हरे चारे के इंतजाम करने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए गए हैं। मनरेगा योजना से यह काम प्रस्तावित है। कार्य पूरा होने पर गोवंशों को हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। - बब्बन प्रसाद मौर्य, बीडीओ सदर