फफूंद (औरैया)। थाना क्षेत्र के गांव भौनकपुर में शुक्रवार की सुबह गेहूं के खेत में एक नवजात का शव पड़ा मिला। शिशु (लड़का) के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया गया था।
आशंका जताई जा रही है कि लोकलाज के डर से मासूम की हत्या कर शव खेत में फेंका गया है। किसान दंपती की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव भौनकपुर निवासी किसान संदीप अपनी पत्नी निशा के साथ शुक्रवार सुबह सामुदायिक केंद्र के पास स्थित अपने खेत में गेहूं की कटाई करने गए थे। कटाई करते समय जब वे खेत के बीचों-बीच पहुंचे तो वहां एक नवजात का शव देखा। पास जाकर देखा तो मासूम के मुंह में कपड़ा भरा था।
किसान दंपती के शोर मचाने पर आसपास काम कर रहे ग्रामीण भी मौके पर पहुंच हो गए। मामले की सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने जांच की और साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों में चर्चा है कि शिशु को कहीं और जन्म देने के बाद पहचान छिपाने के लिए खेत में लाकर फेंका गया है। बच्चे के मुंह में जन्म के बाद उसे पोछकर वही गंदा कपड़ा ठूंस दिया गया था। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नवजात करीब आठ माह का लग रहा। आसपास के गांवों और अस्पतालों में हाल ही में हुई डिलीवरी का डेटा खंगाला जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर गांव में भी पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।