औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के फफूंद रोड पर नई बस्ती बरमूपुर में एक प्लाट पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जब प्लाट मालिक द्वारा बेसमेंट के लिए हैमर से गड्ढा खुदवाया गया तो पड़ोस में बने मकान में दरारें आ गई। मकान एक ओर झुक गया और गिरने की कगार पर पहुंच गया। मकान मालिक ने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने पड़ताल करते हुए मकान में रह रहे लोगों को बाहर निकाल कर मकान में ताला डाल दिया। प्लाट मलिक वहां से फरार हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के फफूंद रोड पर नई बस्ती बरमूपुर में दीपक सिंह का दो मंजिल मकान बना हुआ है। वहीं पड़ोस में एक प्लाॅट पड़ा हुआ था, जो दौलतपुर के पूर्व प्रधान छोटे कुशवाहा का है। छोटे कुशवाहा अपने प्लाॅट का निर्माण कराने के लिए हैमर मशीन से गड्ढा खुदवाया जा रहा। जब वह बेसमेंट बना रहे थे तो पड़ोसी दीपक सिंह ने उन्हें हिदायत दी गई। ऐसा कार्य न करें जिससे कि उनके मकान में कोई दिक्कत आए। मगर अनसुना कर दिया। बेसमेंट खोदने से रविवार रात दीपक सिंह के मकान में दरारें आने लगी और वह एक ओर झुक गया। जैसे ही मकान एक ओर झुका तो घर छोड़कर लोग बाहर की ओर भागे।
सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सीओ सिटी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। गिरने की अवस्था में है। जिलाधिकारी के आदेश पर ही कोई कार्रवाई की जाएगी। प्लाट का निर्माण कर रहा युवक लापता है। दीपक व उसके अन्य परिजनों को दूसरे मकान में रहने के लिए कहा गया है। मकान में काफी दरारें आ गई हैं। मामले की जांच कराई जा रही है।