औरैया। पुलिस ने दिबियापुर कस्बे में हुए चोरी का खुलासा कर दिया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक चोर गोपाल पोरवाल को गिरफ्तार किया है।
वहीं उसके साथ शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी के 3.90 लाख रुपये और चांदी के जेवर बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी पीड़ित का पड़ोसी ही निकला।
एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि कस्बा के मोहल्ला नेहरू नगर निवासी प्रशांत पोरवाल ने 11 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी से पांच लाख रुपये नकद और करीब दो किलोग्राम चांदी के जेवर पार कर दिए हैं। चोरों ने 28 मई वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। बृहस्पतिवार की रात दिबियापुर पुलिस टीम गश्त और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वैसुंधरा तिराहे से आगे फफूंद रोड पर बनी पुलिया के पास दो संदिग्ध लोग मौजूद हैं।
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से नेहरू नगर निवासी गोपाल पोरवाल और एक बाल अपचारी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। पकड़े जाने के डर से उन्होंने सारा माल वैसुंधरा तिराहे के पास झाड़ियों में छिपा दिया था। रात को सभी चोरों के माल का बंटवारा करने के लिए वहां जुटे थे और भागने के लिए गाड़ी का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी गोपाल पोरवाल का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर वर्ष 2018 में भी चोरी और नशीला पदार्थ खिलाकर लूट करने का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 3.9 लाख रुपये, 18 तोड़िया, छह पायल और दो चांदी की कमरबंद बरामद कर लिया।
इसके बाद मुख्य आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया। वहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।