औरैया। नगर पालिका परिषद अब अपनी आय के स्रोत बढ़ाएगी। इनकम में वृद्धि के लिए पालिका शहर में दो बिजनेस कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराएगी। एक कॉम्प्लेक्स सत्तेश्वर तो दूसरा कखावतू कॉलोनी के समीप बनेगा। इस पर चार करोड़ खर्च होंगे।
नगर पालिका परिषद औरैया में 25 वार्ड हैं। इन वार्डों में करीब सवा लाख से ज्यादा आबादी निवास करती है। नगर पालिका लोगों को सफाई, सड़क, बिजली व पानी जैसी बुनियादी सहूलियतें देती है। इसके एवज में उनसे सालाना गृहकर व जलकर एवं जलमूल्य वसूलती है। बावजूद इसके पालिका की आय बढ़ नहीं रही है। हर साल घाटे का बजट पेश करना पड़ रहा है। जबकि शासन स्तर से लगातार अपनी आय के स्रोतों को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
आय में वृद्धि न होने की वजह से कर्मचारियों के वेतन का संकट भी खड़ा हो जाता है। इसे देखते हुए नगर पालिका परिषद ने शहर में दो बिजनेस कॉम्प्लेक्स के निर्माण का खाका तैयार किया है। कार्ययोजना के मुताबिक पालिका मोहल्ला सतेश्वर और कखावतू कॉलोनी के पास बिजनेस कॉम्प्लेक्स बनाएगी। दोनों कॉम्प्लेक्स में करीब 95 दुकानें कई ब्लॉकों में बनाई जाएंगी। इस पर करीब चार करोड़ से ज्यादा रकम खर्च की जाएगी।
नगर पालिका परिषद औरैया के अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि पालिका के आय स्रोतों को बढ़ाने के लिए शहर में दो बिजनेस कॉम्प्लेक्स बनाए जाएंगे। स्थानों का चयन कर वहां पर कई ब्लॉकों में दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। बाद में इन दुकानों को किराये आवंटित किया जाएगा। इससे पालिका की आय में वृद्धि होगी।