औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम कालोनी में रहने वाले युवक को बंधक बनाकर पीटने से हुई मौत के मामले में चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण शॉक एंड हैमरेज आया है।
कांशीराम कालोनी निवासी अफसाना ने बताया कि उसका पति बबलू मेहनत मजदूरी करता था। दो जुलाई को वह काम करने गया था। वहां से शाम को वह वापस नहीं आया।
पीड़िता ने बताया कि खोजबीन करते हुए वह लोग धर्मशाला पहुंचे तो बबलू घायल मिला। पति ने बताया कि रामजी मिश्रा व नंदू त्रिवेदी निवासी मोहल्ला ब्रह्मनगर, हरिओम तिवारी निवासी कांशीराम कालोनी बदनपुर व लक्ष्मी निवासी गांव क्योंटरा ने उसको बंधक बनाकर लाठी-डंडों व सरियों से पीटा। गंभीर हालत में घायल पति को लेकर वह अस्पताल जा रही थी लेकिन रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई। सीओ सिटी सुरेंद्रनाथ यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।