औरैया। सराफा कारीगर की हत्या के बाद बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस शव लेकर कानपुर पहुंची। वहां पहुंचे परिजन को शव सुपुर्द कर दिया गया। वहीं पुलिस की छानबीन में हत्यारोपी दिबियापुर रोड स्थित ठेके पर शराब लेते सीसीटीवी कैद हुए हैं। आरोपियों की लोकेशन पुलिस को मिलने पर आगरा और मथुरा तक दबिश दी गई। संदिग्धों पहचान के लिए पुलिस ने बाजार से एक युवक को हिरासत में लिया जिसे बाद में छोड़ दिया गया।
कोलकाता के हुगली स्थित गांव श्रीरामपुर निवासी शहदुल्ला (35) की बुधवार को भीड़भाड़ वाले इलाके लेडीज मार्केट हलवाई खाने में स्थित किराये के मकान में हत्या कर दी गई थी। उसका शव अर्द्धनग्न हालत में पुलिस को मकान की पहली मंजिल पर मिला था। युवक सराफा कारोबारी के ऑर्डर पर आभूषण बनाने का काम करता था। घटनास्थल से पुलिस को शराब की बोतल, खाना, तीन गिलास और कामोत्तेजक दवाएं मिली थीं।
हत्यारोपी मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवाआर उखाड़ ले गए थे। आसपास के सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध पुलिस को दिखाई दिए। इसके अलावा पुलिस को 13 जनवरी की रात साढ़े नौ बजे दिबियापुर रोड स्थित ठेके से शराब लेते दोनों संदिग्ध दिखाई दिए। सेल्समैन के अनुसार दोनों ने शराब की बोतल का भुगतान नहीं किया था। इसका भुगतान शहदुल्ला के खाते से ऑनलाइन किया गया था।
पुलिस ने शहदुल्ला के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया। सर्विलांस की मदद से संदिग्धों के मोबाइल नंबर मिलने के बाद उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस ने आगरा और मथुरा में दबिश दी गई। सीओ सिटी अशोक कुमार ने बताया कि सीसीटीवी में कैद संदिग्धों की पहचान कराई जा रही है। उनकी गिरफ्तारी को लेकर कई जगह दबिश भी दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
जोरदार था प्रहार, टूट गई थी सिर की हड्डी
कारीगर की हत्या के मामले में बृहस्पतिवार को पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार करीब छह इंच की वजनदार वस्तु से सिर पर वार किए गए थे जिससे उसकी मौत हो गई। प्रहार इतना जोरदार था कि सिर की हड्डी टूट गई। इसके अलावा कान और गले में चोट के निशान मिले। हालांकि मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है।
मृथुल नाम के युवक के साथ गई थी पत्नी
13 जनवरी को शहदुल्ला मृथुल नाम के युवक के साथ कानपुर पत्नी व बच्चे को छोड़ने गया था। वहां मृथुल के साथ पत्नी को ट्रेन में बैठाने के बाद कारीगर वापस आ गया था। जानकारी के बाद पत्नी रास्ते से ही वापस आ गई। बृहस्पतिवार को पत्नी कानपुर पहुंची और नौबस्ता में उसके पति का शव पुलिस ने सुपुर्द कर दिया। इसके बाद शव लेकर परिजन कोलकाता के लिए रवाना हो गए।