संवाद न्यूज एजेंसी
फफूंद। क्षेत्र के सिम्हारा में बीते दस दिन से सफाई कर्मी नही पहुंचा है। जिससे गांव की मुख्य सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी भरा हुआ है। स्कूल जाने वाले बच्चे कीचड़ में घुसकर निकलने पर मजबूर है। वहीं मच्छरों की तादाद बढ़ने से लोग बीमारियां फैलने से आशंकित हैं।
भाग्यनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सिम्हारा में सफाई कर्मी के न आने से गलियां और नालियों में गंदगी बजबजा रही हैं। सबसे बुरा हाल गांव की महतेपुर जाने वाली मुख्य सड़क का है। नालियों में गंदगी भरने से सड़क पर कीचड़ और पानी भरा हुआ है। जिससे ग्रामीणों को गंदे पानी में घुसकर निकलना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत गांव बाहर स्थित लाल सहाय जूनियर हाई स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को हो रही है। मुख्य सड़क पर भरे गंदे पानी और कीचड़ से मच्छरों की तादाद बढ़ गई है। ग्रामीण भारत सिंह, विनीत कुमार, अंबुज यादव, सुरेश चंद्र ,फूल सिंह, बलबीर, प्रदीप आदि ने बताया की गंदगी और जल जमाव से मच्छर जनित बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। सफाई व्यवस्था के संबंध में ग्राम प्रधान राजकुमार सिंह ने बताया की गांव में तैनात सफाई कर्मी से जानकारी की तो उसने बताया है की उसकी निर्वाचन कार्यालय में ड्यूटी लगी हुई है। सफाई कर्मी के नही आने से गंदगी है, जल्द ही सफाई करवाई जाएगी।