एरवाकटरा। एक गांव में रात को चोरों ने एक घर में धावा बोल दिया। चोरों ने बक्सों का ताला तोड़कर नकदी समेत सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। घटना के वक्त मां-बेटी घर की छत पर सोई थीं।
सुबह पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पहुंचकर जांच की। गांव किशनपुर निवासी महान सिंह प्राइवेट नौकरी के चलते अक्सर बाहर रहते हैं। घर में उनकी पत्नी सरोज पाल और 13 वर्षीय पुत्री मान्या रहती है। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे दोनों छत पर सोने चली गईं।
शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे छत से नीचे उतरीं तो कमरे का ताला टूटा पाया। चोर बक्से में रखे नकद पांच हजार रुपये, दो सोने की अंगूठी, कुंडल, चांदी के तीन ओम व दो जोड़ी पायल चोरी कर ले गए। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि तहरीर पर घटना की जांचकर कार्रवाई की जाएगी।