औरैया जिले के बिधूना में दोस्त के साथ बेला थाना क्षेत्र के महू से लौट रहे युवक की मोपेड बेला-तिर्वा मार्ग स्थित भदौरा मार्ग पर अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गई। जिससे मोपेड सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे को गंभीर हालत में सैफई रेफर किया है।
बिधूना के मोहल्ला गांधी नगर निवासी सुरेंद्र प्रताप (35) लाल बहादुर कनौजिया रविवार सुबह आठ बजे अपने दोस्त अंकित (25) पुत्र बृजकिशोर के साथ बेला थाना क्षेत्र के महू में किसी काम से गए थे। दोपहर में लौटने के दौरान बेला-तिर्वा मार्ग स्थित भदौरा मार्ग पर उनकी मोपेड अचानक से अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गया। राहगीरों ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी बिधूना में भर्ती करवाया।
जहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र प्रताप को मृत घोषित कर दिया। जबकि अंकित को गंभीर हालत में सैफई रेफर किया है। सुरेंद्र की मौत की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। अपराध निरीक्षक श्रीकेश भारती ने बताया कि हादसे में युवक की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। हादसा बेला क्षेत्र में होने की वजह से बेला पुलिस को सूचना दी गई है। आगे की कार्रवाई वहीं से की जाएगी।