महोत्सव पंडाल में रविवार को बेबी हेल्थ शो का आयोजन किया गया। इस शो में अपनी मांओं के साथ हिस्सा लेने वाले बच्चों में शहर के मोनू को हेल्दी बेबी का खिताब प्रदान किया गया। वहीं तीन विधाओं में विभाजित इस शो में दो अन्य बच्चों को भी विजेता घोषित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डाक्टरों ने शिशुओं के खान-पान के साथ उनके सेहतमंद रहने की जानकारी दी।
डीसीएमओ डा. अशोक कुमार ने बताया कि राज्य सरकार ने साल 2016 को मातृ-शिशु स्वास्थ्य साल घोषित किया है। इस क्रम में हम 27 जनवरी से जिले भर में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सप्ताह मनाने जा रहें हैं। उन्होंने सप्ताह के तहत गर्भवती महिलाओं और उनके सुरक्षित प्रसव को लेकर जानकारी दी। निर्णायक की भूमिका में रहे बाल रोग विशेषज्ञ डा. अरुण तिवारी ने कहा कि निरंतर प्रयास के बावजूद शिशु मृत्युदर के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। उन्होंने गर्भस्थ शिशु से लेकर जन्म के बाद तक लगाए जाने वाले टीकों की विस्तार से जानकारी दी।
वहीं बेबी हेल्थ शो को 0-6 माह, 7 माह से एक साल और एक से तीन साल उम्र की श्रेणियों में बांटा गया। शिशुओं का वजन और उनकी सेहत का परीक्षण करने के बाद निर्णायक मंडल ने 0 से 6 माह वर्ग में शहर के मोेनू पुत्र रामगोविंद को प्रथम, कुमकुम पुत्री अमित को द्वितीय व आर्यन पुत्र प्रवीन को तृतीय विजेता घोषित किया। वहीं सात माह से एक साल वर्ग में आर्यनवी पुत्री भानुप्रताप को प्रथम, शुभ पुत्र अमित को द्वितीय व शौर्य पुत्र संदीप कुमार को तृतीय विजेता घोषित किया गया। इसी क्रम में एक से तीन साल की उम्र के बच्चों के वर्ग की प्रतियोगिता में गुनगुन पुत्री पूरन सिंह को पहला, प्रिंस पुत्र अंकित को दूसरा तथा वंदना पुत्री अमित को तीसरा स्थान दिया गया