भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने जनहित में कई कल्याणकारी योजनाएं प्रारंभ की हैं। पार्टीजनों की जिम्मेदारी बनती है कि वह सरकार की उपलब्धियों का बखान जनता के बीच पहुंचकर करें।
श्री सिंह शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान की दो दिवसीय मंडलीय कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता भी मौजूद रहे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यूपीए सरकार ने देश का विकास रोक दिया था। अब नरेंद्र मोदी की सरकार देश में विकास करा रही है। उन्होंने यूपी की सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा हुआ है। जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है।
कहा कि अभी से विधानसभा चुनाव के लिए भाजपाइयों को जुट जाना चाहिए। इस अवसर पर गिरीश तिवारी, लाखन सिंह राजपूत, सर्वेश भदौरिया, असित पांडेय, टीटू यादव, साधना पोरवाल, रमेश गुप्ता, आशीष कुशवाहा आदि मौजूद रहे।