टैंकर में रिसाव रोकते फायर एंड सेफ्टी विभाग के कर्मी
- फोटो : AURAIYA
पाता स्थित गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) द्वारा प्लांट के नजदीक खानपुर गांव की एलपीजी टेंकर पार्किंग में ऑफ साइट मॉकड्रिल किया गया। जिसमें एलपीजी टेंकर पर हुए ड्रोन हमले से लगी आग और गैस के रिसाव पर गेल व एनटीपीसी की फायर एंड सेफ्टी सर्विस द्वारा काबू किए जाने का रिहर्सल किया गया।
सोमवार को फफूंद क्षेत्र के गेल इंडिया लि. के पाता पेट्रो केमिकल प्लांट के अधिकारियों द्वारा एडीएम न्यायिक एमपी सिंह की मौजूदगी में खानपुर गैस टैंकर पार्किंग में ऑफ साइट ड्रोन हमले से आग लगने और गैस के रिसाव को रोकने को लेकर मॉकड्रिल किया गया।
इसमें पार्किंग में खड़े एलपीजी गैस टैंकर में एक ड्रोन से हमला होता है और टैंकर में आग लगने के साथ ही गैस का रिसाव शुरू हो जाता है। इसकी सूचना कंट्रोल रूम में पहुंचते ही पाता पेट्रो केमिकल प्लांट का इमरजेंसी सायरन बज उठता है और कुछ ही देर में गेल के अधिकारियों और गेल व एनटीपीसी के फायर एंड सेफ्टी सर्विस द्वारा पूरे इलाके को घेर लिया जाता है।
इसकेबाद गेल के अधिकारियों द्वारा गांव खानपुर के लोगों ने गैस चूल्हा, माचिस न जलाने और बिजली के स्विच न खोलने की अपील की गई। मॉक ड्रिल के दौरान पानी की बौछारों, वाटर कॉनन का प्रयोग कर गैस को फैलने से रोका गया और फोम का प्रयोग करते हुए आग पर काबू पाया गया।
मॉक ड्रिल प्रक्रिया में गेल व एनटीपीसी के सेफ्टी व फायर कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपनी दक्षता का प्रदर्शन कर प्रशासन और जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इसके बाद सभी अधिकारियों ने मॉक ड्रिल को संतोषजनक बताया। इस दौरान गेल पाता के तमाम अधिकारी सहित सीआईएसएफ व थाना फफूंद व दिबियापुर पुलिस मौजूद रही।