दिबियापुर (औरैया)। थाना पुलिस ने ककोर क्षेत्र में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले एक युवक अंकित को साइबर धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
आरोपी पर लालच में आकर साइबर ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराने और अवैध आर्थिक लाभ कमाने का आरोप है। पुलिस जांच में आरोपी के बैंक खाते के तार देशव्यापी ठगी के नेटवर्क से जुड़े मिले हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र की ओर से एक संदिग्ध म्यूल बैंक खाते को लेकर शिकायत मिली थी। जब पोर्टल पर इसकी जांच की गई तो पता चला कि इस खाते के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बाराबंकी, बलिया, अयोध्या समेत कई अन्य जिलों में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
इसके बाद पुलिस ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से जानकारी जुटाई और उमरसाना निवासी खाताधारक अंकित पुत्र सुभाष चंद्र के घर दबिश दी। पूछताछ में अंकित ने कबूल किया कि वह ककोर कस्बे में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता है और खाता उसी का है। हालांकि, खाते में हुए संदिग्ध ट्रांजेक्शन को लेकर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
शुरुआती जांच में साफ हुआ कि उसने पैसों के लालच में साइबर अपराधियों को अपना खाता सौंप रखा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी का शांतिभंग में चालान कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया है और गिरोह के मुख्य सरगना की तलाश शुरू कर दी है।