औरैया। खाद्य पदार्थ की शुद्धता जांचने के तरीकों की जानकारी देने के लिए खाद्य विभाग की टीम तीन दिन तक मोबाइल फूड वैन के साथ जिले का भ्रमण करेगी। त्योहार को देखते हुए खाद्य विभाग की टीम ने व्यापारियों को जागरूक करने के लिए यह कदम उठाया है। इस दौरान विभाग द्वारा कारोबारियों को खाद्य पदार्थ की शुद्धता की जांच करने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।
मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री रोकने व व्यापारियों को शुद्ध खाद्य सामग्री की बिक्री के प्रति जागरूक करने के लिए खाद्य विभाग के अधिकारी मोबाइल फूड वैन के साथ भ्रमण करेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए अभिहित अधिकारी एसके श्रीवास्तव ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कारोबारियों में जागरूकता के तहत मोबाइल फूड वैन का जिले में तीन दिवसीय भ्रमण कराया जाएगा।
इसकी शुरुआत 20 फरवरी को दोपहर 12 बजे से दो बजे तक पुलिस आफिस ककोर, दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक नुमाइश मैदान औरैया से होगी। 21 फरवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक दिबियापुर-फफूंद चौराहा, दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक कस्बा सहार व 22 फरवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक अछल्दा नुमाइश मैदान तथा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक रुरुगंज चौराहे पर टीम रहेगी।
उन्होंने बताया कि इस दौरान अधिकारी कारोबारियों को खाद्य सामग्री की शुद्धता की जांच करने के तरीकों की जानकारी देंगे। इससे वह शुद्ध खाद्य पदार्थ की पहचान कर उसकी बिक्री कर सकेंगे। इस संबंध में अभिहित अधिकारी ने खाद्य कारोबारियों से उक्त तिथियों पर समय से संबंधित स्थान पर उपस्थित होने की अपील की है।