औरैया। कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराने के लिए मंगलवार को पुलिस कर्मियों ने कड़ा रुख अपनाया। बेवजह घूमते लोगों से पूछताछ के साथ ही लाठियां भी भांजी।
कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने और लोगों को संक्रमण से निजात दिलाने के लिए प्रदेश सरकार ने गुरुवार सुबह तक कर्फ्यू बढ़ा दिया है। मंगलवार सुबह से ही पुलिस लोगों को संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक करती दिखी। पुलिस कर्मी लोगों से घरों में रहने में रहने की अपील करते रहे। इसके बाद भी 11 बजे मुख्य मार्गों पर भीड़ नजर आने लगी।
इस पर पुलिस कर्मियों ने सख्ती की। मुख्य स्थानों पर पुलिस ने लोगों घूमते लोगों से पूछताछ की। किराना बाजार, लेडीज मार्केट, फूलमती मंदिर के समीप भीड़ दिखी। यहां दुकानदार चुपके से ग्राहकों को दुकान के अंदर ले जाते दिखे। पुलिस की सायरन बजाती गाड़ियां आती देख दुकानदार भी छिप गए। लेडीज मार्केट में घूमती महिलाओं और युवतियों को पुलिस ने हिदायत देकर जाने दिया।