कलक्टरी रोड पर स्थित नोबेल एकेडमी आफ फायर एंड सेकेटरी इंजीनियरिंग में दो प्रशिक्षक तीन छात्राें से धोखाधड़ी कर रुपये लेकर चंपत हो गए। पीड़ित प्रशिक्षणार्थियों ने दिबियापुर थाने में आप बीती सुनाई।
पीड़ित छात्र अवनीश कुमार सिंह निवासी पूराकला बिधूना, औरैया, शंकर बक्श निवासी गहरोली, रायबरेली, अवधेश कुमार निवासी राजपुर, कानपुर देहात ने तहरीर में बताया कि वे नोबेल एकेडमी आफ फायर एंड सेकेटरी इंजीनियरिंग में पिछले एक वर्ष से प्रशिक्षण ले रहे हैं>
इसमें कार्यरत तथाकथित प्रशिक्षक सुनील कुमार पटेल निवासी दोलतियापुर, फतेहपुर एवं जितेंद्र सिंह उर्फ रानू निवासी हेमा का पुर्वा थाना सहायल ने गोपनीय तरीके से फीस के नाम पर दो प्रशिक्षणार्थियों से 65-65 हजार रुपये व एक प्रशिक्षणार्थी से 25 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद दोनों ही प्रशिक्षक गायब हो गए।
डायरेक्टर शिवम त्रिपाठी ने प्रशिक्षणार्थियों से फीस के बारे में कहा तो उन्होंने बताया कि हम लोग प्रशिक्षकों को फीस दे चुके हैं।
रविवार को डायरेक्टर शिवम त्रिपाठी अपने अन्य स्टाफ व छात्रों के साथ दिबियापुर थाने आए व मौके पर मौजूद एएसआई शहबाज खां को पूरी घटना बताई। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।