सिकरोड़ी गांव में ग्रामीणों की समस्याएं सुनतीं प्रभारी मंत्री।
- फोटो : सिकरोड़ी गांव में ग्रामीणों की समस्याएं सुनतीं प्रभारी मंत्री।
अजीतमल (औरैया)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से पहले मंगलवार को जिले की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला बाढ़ प्रभावित गांव सिकरोड़ी पहुंचीं। वहां प्रभारी मंत्री को सामने पाकर ग्रामीणों का दर्द छलक पड़ा।
उन्होंने कहा कि घरों का छप्पर तक बाढ़ में बह गया। घर में रखा अनाज भीग कर सड़ चुका है। अब खाने के लिए भी अनाज नहीं बचा। फसलें पानी में डूब गईं, मवेशियों के लिए भी चारा नहीं है। अब साल भर हम लोग क्या खाएंगे और मवेशी को क्या खिलाएंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव को ऊंचाई पर विस्थापित करवा दीजिए। इससे हर साल आने वाली तबाही से बच जाएंगे और समस्या का स्थायी हल भी हो जाएगा।
इस पर प्रतिभा शुक्ला ने ग्रामीणों से कहा कि नुकसान का सर्वे चल रहा है। घर हो या फसल नुकसान का मुआवजा मिलेगा। ग्रामीणों को विस्थापित करने की मांग पर उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री से बात करेंगी।