औरैया। जिले के ग्राम पुर्वा तरा सहार में सीएचसी सहार के सामने बिना लाइसेंस के लंबे समय से अवैध रूप से संचालित हो रहे मेडिकल स्टोर की शिकायत पर सहायक आयुक्त औषधि कानपुर मंडल केे आदेश पर ड्रग इंस्पेक्टर इटावा ने ड्रग इंस्पेक्टर औरैया की मौजूदगी में छापामारी की। जिसमें ड्रग इंस्पेक्टर ने मौके पर 15 हजार की दवाइयां सीज करने की कार्रवाई की। इसके अलावा टीम ने मौके से दो दवाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे।
जानकारी देते हुए ड्रग इंस्पेक्टर औरैया मुकेश पॉलीवाल ने बताया कि मंगलवार को ड्रग इंस्पेक्टर इटावा मनोज गुप्ता ने उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद सहार क्षेत्र के पुर्वा तारा के सर्वोदय नगर में संचालित स्वाति मेडिकल स्टोर पर छापामारी की। इस दौरान मौके पर निरपत सिंह पुत्र हरनाम सिंह मौजूद मिले। अधिकारियों ने उक्त फर्म को बिना लाइसेंस के संचालित होना पाया।
डीआई औरैया ने बताया कि मौके पर पकड़ी गई 15 हजार रुपये कीमत की दवाईयों को फार्म 16 पर सीज किया गया है। वहीं उक्त दुकान से दो दवाईयों के सैंपल लिए गए हैं। उक्त सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे। जांच के उपरांत सीजेएम के यहां मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।