औरैया। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने सेहुद चिचौली स्थित मेडिकल कॉलेज की मान्यता को लेकर पिछले दिनों झटका दिया। पर्याप्त चिकित्सा शिक्षकों की तैनाती न होने की खामी पाते हुए मान्यता न मिलने की बात सामने आई। एनएमसी मानकों को पूरा करने के लिए जोर आजमाइश तेज कर दी गई है।
मेडिकल कॉलेज की मान्यता सुनिश्चित करने के लिए एनएमसी मानकों के तहत कॉलेज में 86 चिकित्सा शिक्षक की जरूरत है। जिसमें से अभी महज 18 पदों को भरा जा सका है। 15 जुलाई को शेष बचे पदों को भरने के लिए इंटरव्यू होंगे। वहीं इस कवायद के बाद ही एनएमसी मानकों के तहत 219 कर्मियों को आउटसोर्सिंग के जरिए जुटाया जाएगा। इस कवायद में 141 नर्स की तैनाती भी की जाएगी। इसके अलावा स्वीपर, वार्ड ब्वाय व सुरक्षा कर्मियों को भी इसी क्रम में तैनाती दी जाएगी।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि चिकित्सा शिक्षक के 15 जुलाई को इंटरव्यू होंगे। इसके बाद मेंटीनेंस स्टाफ की तैनाती को लेकर कवायद शुरू होगी। जिसका खाका तैयार किया जा रहा है। जल्द ही कॉलेज की मान्यता को लेकर फिर से आवेदन किया जाएगा। कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इसी सत्र से कक्षा संचालन की कवायद शुरू हो इसके लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।