नौगवां के बाद अब भाग्यनगर विकासखंड के कस्बा ताहरपुर में खसरा की बीमारी ने पैर पसार लिए हैं। इस बीमारी की चपेट में आकर एक दर्जन बच्चों की हालत बिगड़ी है। वहीं स्वास्थ्य महकमा अंजान बना है। समय रहते स्वास्थ्य विभाग नहीं चेता तो अनहोनी हो सकती है।
कस्बा के मोहल्ला ताहरपुर में इन दिनों खसरा की बीमारी से कई लोग खाट पकड़े हैं। मोहल्ले के यादराम ने बताया कि एक हफ्ते पहले उसकी नातिन रिषी (11) पुत्र संजय कुमार की संक्रामक बीमारी से मौत हो गई थी। इसके अलावा नीलेश (7), राहुल (12), सावित्री (4), संध्या (4), शिल्पी (2), अर्चना (4), नितता (12), अनुभव (5), अनुविता (3), आकाश (5) इन दिनों खसरा की बीमारी की चपेट में हैं।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि बीमारी फैले होने की सूचना उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी है। लेकिन वह अभी तक नहीं चेते हैं। शायद उनको एक बड़े हादसे का इंतजार है। कस्बावासियों ने जिला प्रशासन से स्वास्थ्य टीम भिजवाए जाने की मांग की है। मामले में सीएमओ डा. एसबी मिश्रा ने बताया कि फफूंद में खसरे के संक्रमण को लेकर सूचना नहीं है। संबंधित स्थान के लिए स्वास्थ्य टीम रवाना की जाएगी। रोग पर काबू पाने के लिए सभी प्रयास कराए जा रहे हैं।