घरेलू बिजली बिलों में करोड़ों के घोटाले में एमडी ने एसडीओ और एक्सईएन पर कार्रवाई की संस्तुति की है। एमडी दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड ने चीफ इंजीनियर एडमिनिस्ट्रेशन को आदेश दिए हैं। वहीं इस मामले में टेरा साफ्टवेयर के मैनेजर को जिले से स्थानांतरित कर दिया गया है।
मामले में मंडलीय जांच टीम ने फरवरी 2016 में चीफ इंजीनियर एचपी गुप्ता को रिपोर्ट सौंपी थी। इस रिपोर्ट पर दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड के एमडी ने अब संज्ञान लिया है। इससे पहले मंडलीय टीम की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद चीफ इंजीनियर कानपुर मंडल एचपी गुप्ता ने टेरा कंपनी के दस प्राइवेट मीटरों रीडरों को हटाया गया था। पूरी घटना में जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया। इसके बाद चीफ इंजीनियर ने मई माह में मंडलीय टीम की जांच रिपोर्ट के अधार पर एक्सईएन व एसडीओ की लापरवाही मानी।
इन अफसरों पर कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट एमडी कार्यालय भेजी। एमडी कार्यालय ने जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई करने के आदेश चीफ इंजीनियर एडमिनिस्ट्रेशन को दिए हैं। वहीं टेरा कंपनी ने रिपोर्ट को संज्ञान में लेते हुए मैनेजर हिमांशु पर कार्रवाई करते हुए उनका ट्रांसफर कर दिया है।
एमडी कार्यालय से एक्सईएन व एसडीओ पर कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। हालांकि अभी पत्र हाथ में नहीं आया है। इसलिए इसका अवलोकन नहीं किया जा सका है। अवलोकन के बाद ही बताया जा सकेगा कि कार्रवाई किस स्तर की होगी। एक-दो दिन में पत्र मिलते ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
अखिल श्रीवास्तव, चीफ इंजीनियर, एडमिनिस्ट्रेशन, दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड, आगरा