बिधूना। कुदरकोट थाना क्षेत्र के बिधूना-भरथना मार्ग पर आरमपुर गांव के पास डीसीएम ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। नाराज परिजनों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। इधर, दूसरे मिस्त्री को डाक्टर ने सैफई रेफर कर दिया।
ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के नहरबोझ गांव निवासी प्रमोद यादव उर्फ पिंटू (40) राजमिस्त्री थे। वे कुदरकोट के अनुरुधापुर निवासी श्यामवीर के साथ बिधूना से काम कर बाइक से घर लौट रहे थे। बिधूना-भरथना मार्ग पर आरमपुर गांव के पास डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची कुदरकोट पुलिस घायलों को बिधूना सीएचसी ले गई, जहां पर डॉक्टर ने प्रमोद यादव को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने पर श्यामवीर को सैफई रेफर कर दिया। मौत की सूचना पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने बिधूना-भरथना मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम भी लगाया।
पुलिस के समझाने के बाद जाम को खोला। पति की मौत के बाद पत्नी प्रीती व वृद्ध पिता अवध बिहारी का बुरा हाल रहा। पिता ने बताया कि प्रमोद एकलौता पुत्र था। उसके दो बेटे ईशू व देवा हैं। कुदरकोट थानाध्यक्ष मुलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि परिजनों ने जाम लगाने का प्रयास, लेकिन पुलिस के समझाने पर जाम खुला।