औरैया। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवारी बैठा कर चलने पर लगी रोक के बाद परिवहन विभाग सोमवार को सख्त नजर आया। देवकली मंदिर के पास चेकिंग कर श्रद्धालुओं को लेकर जा रहे दो ट्रैक्टर-टॉली व दो पिकअप पकड़ कर बंद कर दिए। श्रद्धालुओं को निजी वाहनों से मंदिर में दर्शन करने के लिए भेजा गया।
कानपुर नगर के भीतरगांव में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटने के बाद परिवहन व यातायात विभाग की नींद टूटी है। सोमवार को दुर्गा अष्टमी पर मंदिरों में श्रद्धालुओं को लेकर पहुंचने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों को लेकर सख्ती रही। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चेकिंग कर विशेष नजर रखी। ट्रैक्टर से आते जाते लोगों के नजर आने पर उन्हें वापस किया गया तो कुछ जगहों पर सवारियां उतार पैदल जाने के लिए कहा गया।
देवकली मंदिर के पास एआरटीओ प्रवर्तन रेहाना बानो ने सुबह से चेकिंग अभियान चलाया। इसकी भनक लगते ही कई चालक पहले ही ट्रैक्टर लेकर वापस हो गए। वहीं, श्रद्धालुओं को लेकर जालौन माता मंदिर की ओर जाने वाली दो ट्रैक्टर-टॉली व दो पिकअप को रोक कर कार्रवाई की गई।
टीम ने श्रद्धालुओं को लेकर चलने व रोक के बाद भी पालन न करने पर दो ट्रैक्टर-टॉली व दोनों पिकअप को बंद कर सीज किया है। इससे दिन भर शहर में हड़कंप मचा रहा। वहीं, कुछ ट्रैक्टर मालिक व चालक कार्रवाई न किए जाने के लिए अफसरों से गिड़गिड़ाते रहे।
मंदिरों व अन्य स्थानों पर धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रैक्टर से उतार कर प्राइवेट बसों व टेंपो आदि से गंतव्य को भेजा गया। देवकली के पास चेकिंग के दौरान जो भी श्रद्धालु ट्रैक्टर से आए उन्हें रोक कर परिवहन विभाग ने निजी वाहनों से अलग-अलग रूट पर भेजने की व्यवस्था कर रखी थी। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं हुई।
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद सोमवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से जाने वाले श्रद्धालुओं को रोका गया। उन्हें बस व अन्य संसाधनों से मंदिर तक भेजने व गांवों तक छोड़ने की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान चार वाहनों पर कार्रवाई की गई है। अभियान आगे भी जारी रहेगा। - रेहाना बानो, एआरटीओ प्रवर्तन