फफूंद। थाना क्षेत्र के गांव दखलीपुर ककोर में काम के पैसे लेने गए एक राजमिस्त्री को मकान का निर्माण करा रहा व्यक्ति अपने अज्ञात साथियों के साथ बेहोशी की हालत में कार से लाकर उसके घर के दरवाजे पर छोड़कर भाग गए।
आवाज सुनकर बाहर निकली पत्नी ने पति को उठाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और घटना की जांच की। मृतक की पत्नी ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को एक नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। तीन अन्य की तलाश में पुलिस जुटी है।
थाना क्षेत्र के गांव दखलीपुर निवासी 40 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र बसंत लाल राजमिस्त्री का काम करता था। वह उमरसाना निवासी केपी यादव के ककोर में बन रहे मकान के निर्माण को लेकर काम कर रहा था। संजीव की पत्नी श्रीदेवी ने बताया कि मकान निर्माण करा रहे केपी यादव संजीव को एक माह से काम के पैसे देने में टाल-मटोल कर रहे थे। फिर भी पति संजीव उसका काम कर रहे थे। आरोप है कि सोमवार शाम करीब पांच बजे केपी ने संजीव को फोन करके रुपये लेने के लिए ककोर बुलाया। इस पर संजीव वहां चले गए। देर शाम जब घर नहीं आए तो उसने अपने पुत्र दीपेंद्र को वहां भेजा।
पीड़िता का कहना है कि केपी ने गाड़ी से संजीव को घर छोड़ने की बात कहकर पुत्र को वापस घर भेज दिया। पीड़ित पत्नी ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे केपी अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ कार से गांव आया और उसके पति को घर के बरामदे में चारपाई पर लिटा दिया। आवाज सुनकर वह बाहर निकली तो पति संजीव मृत अवस्था में थे। केपी यादव और साथी पति को पानी पिलाने और सिर पर पानी डालने को कहते हुए कार समेत मौके से भाग निकले।
श्रीदेवी ने बताया कि उसने पति को उठाने की कोशिश की, लेकिन संजीव दम तोड़ चुके थे। राजमिस्त्री की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर सीओ सिटी महेंद्र प्रताप सिंह और थानाध्यक्ष गंगादास गौतम फोर्स के साथ गांव पहुंचे। घटना की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह फरार हो चुका था।
श्रीदेवी ने पुलिस को तहरीर देते हुए पति संजीव कुमार की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। सीओ सिटी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि संजीव व केपी यादव ने शराब का सेवन किया था। दो अन्य लोग भी उनके साथ थे। संजीव को घर छोड़ने के बाद उसकी मौत हो गई थी। तहरीर के आधार पर नामजद केपी यादव व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फफूंद। दलित राजमिस्त्री की मौत की जानकारी पर भीम आर्मी के जिला संयोजक आजाद राजन गौतम, कानपुर मंडल के संगठन सचिव अजीत सिंह गौतम, जिला सह संयोजक राहुल कुमार के साथ 15 से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता दखलीपुर गांव पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। उन्हें ढांढस बंधाया।
भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को देख पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया। भीम आर्मी के जिला संयोजक आजाद राजन गौतम ने बताया कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी सजा देने और जल्द ही सरकारी मदद उपलब्ध कराने के लिए संगठन के लोग उच्च अधिकारियों से मिलेंगे। भीम आर्मी के डाॅ. मुनेंद्र दिनकर, सुरेंद्र सिंह गौतम, शेखर चौधरी, राहुल कश्यप, पर्वत सिंह, राजवीर सिंह, राकेश गौतम आदि मौजूद रहे।