अजीतमल (औरैया)। विद्यादीप पब्लिक स्कूल में बने शेल्टर होम में मंगलवार की रात सादगी के साथ एक जोड़े का विवाह कराया गया। इस दौरान सोशल डिस्टेसिंग का भी पूरा ध्यान रखा गया।
दिल्ली निवासी बाबूराम ने अपनी पुत्री राधा की शादी यहां के सिकरोड़ी गांव निवासी संतोष कुमार के पुत्र श्रीकांत के साथ तय की थी। मार्च में बाबूराम अपने परिवार के साथ झंडा चढ़ाने गांव शाहपुर बेदी आए थे। इसी बीच 25 मार्च से लॉकडाउन हो गया, जिससे वह वापस दिल्ली नहीं जा सके। लॉकडाउन में जब वह घर आए तो कस्बे के विद्यादीप पब्लिक स्कूल में 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है। इस बीच शादी की तारीख भी नजदीक आ गई।
दोनों के परिजनों ने शेल्टर होम में ही शादी करने का फैसला लिया। इस पर उपजिलाधिकारी ने दोनों पक्षों को शादी करने की अनुमति भी दे दी। मंगलवार की रात विद्यादीप पब्लिक स्कूल में बने शेल्टर होम में शादी का आयोजन किया गया। उपजिलाधिकारी रमेश यादव और विद्यालय के प्रबंधक सुधीर गुप्ता की मौजूदगी में सोशल डिस्टेंस को ध्यान में रखते हुए शादी हुई। उपजिलाधिकारी एवं विद्यालय के प्रबंधक ने नवविवाहित जोड़े को उपहार आदि के साथ आशीर्वाद दिया।