अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता की जहर खाने से मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पति को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई है।
क्षेत्र के गांव बडेरा निवासी जितेंद्र का अनंतराम कस्बे में मकान है। मंगलवार देरशाम जब जितेंद्र बाजार गया था तभी उसकी पत्नी वीनू (28) ने जहर खा लिया। घर पहुंचे जितेंद्र ने जब वीनू को गंभीर हालत में देखा तो उसे कस्बे के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने बाहर ले जाने की सलाह दी। परिजन वीनू को लेकर इटावा जा रहे थे लेकिन रास्ते में वीनू ने दम तोड़ दिया। वीनू की मौत की जानकारी ग्रामीणों ने उसके मायके वालों को दी।
मौके पर पहुंचे मृतका के पिता लक्ष्मण सिंह निवासी मूसानगर कानपुर देहात ने पुलिस को सूचना दी। मृतका के पिता व मायके पक्ष के लोगों ने पति व अन्य ससुरालियों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पति जितेंद्र को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मृतका के दो पुत्र आंसू (11) व विनायक (6) हैं। सीओ अजीतमल प्रदीप ने बताया कि मृतका के पति से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।