क्षेत्र के तेहराजपुर गांव में विवाहिता ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका के मायके वालों ने मृतका के ससुर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। बहू की मौत के बाद से ससुर मौके से फरार है।
थानाक्षेत्र के तेहराजपुर गांव निवासी मृतका के पति शिवराज उर्फ भूरे ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को उसकी पत्नी रजनीश प्रभा घर पर अकेली थी। रजनीश ने उसे बच्चे के साथ बाहर भेज दिया। इसी बीच उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। रजनीश के चीखने पर पड़ोसियों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन परिजन उसे जिला अस्पताल नहीं ले गए। बुधवार सुबह रजनीश की मौत हो गई।
मृतका के मायके पक्ष के विनोद कुमार और संजय कुमार ने बताया कि रजनीश का ससुर विजय नारायण उसे परेशान करता था। बहू के मौत की खबर सुनते ही ससुर विजय नारायण घर से भाग निकला। देर शाम तक मृतका के परिजनों ने घटना की रिपोर्ट नहीं लिखाई। अछल्दा थानाध्यक्ष ने बताया कि मौके पर पुलिस फोर्स भेजा गया है। ससुर फरार है। पुलिस जांच कर रही है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दो दिन पहले की थी शिकायत
ससुर के उत्पीड़न से परेशान रजनीश ने बीते सोमवार को 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ससुर विजय नारायण को फटकार लगाई थी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लिया होता तो शायद रजनीश प्रभा को यह कदम नहीं उठाना पड़ता।