औरैया। क्षेत्र के गांव राऊपुर में एक युवक का पत्नी से विवाद होने पर उसके ससुराल वालों ने उसे जमकर पीटा। जिससे वह घायल हो गया। ग्रामीणों ने युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी देकर न्याय की गुहार लगाई है।
गांव राऊपुर निवासी कोमल नागर पुत्र रामबाबू का सोमवार सुबह पत्नी से रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। कोमल ने पुलिस को बताया कि इस पर पत्नी ने अपने मायके वालों को बुला लिया। पत्नी के मायके वालों ने उसे लात, घूसों और डंडों से जमकर पीटा। उसकी चीख पुकार सुनकर आए ग्रामीणों ने उसे बचाया और उसे गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़ित ने मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बताया कि ग्रामीणों को आता देख उसके ससुराल वाले उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए और उसकी पत्नी भी उनके साथ चली गई। पुलिस ने जांच के बाद पीड़ित को न्याय का आश्वासन दिया है।