पहली बरसात में टापू बना अजीतमल
-बारिश से पहले नगर पंचायत की तैयारियों की खुली पोल
अमर उजाला ब्यूरो
अजीतमल। कस्बे में शनिवार को हुई झमाझम बरसात से कस्बा टापू बन गया। सड़कों और गलियों के अलावा सरकारी दफ्तरों में पानी भर गया। नगर पंचायत बरसात के दिनों में जलभराव से निपटने का दावा कर रही थी। नगर पंचायत की भी पोल खुल गई है। बरसात से जहां लोग घरों में दुबके रहे। वहीं बरसात के बाद जलभराव ने लोगों को घर से निकलने नही दिया। सरकारी दफ्तरों में भी कर्मचारी व अधिकारी भरे हुए पानी में ही बैठे रहे।
स्थान-कोतवाली
अजीतमल कोतवाली में बरसात से पानी भर गया। ऐसे में फरियादियों को भी जाने में दिक्कत हुई जबकि पुलिसकर्मियों को भी भरे हुए पानी में घुसकर आवागमन करना पड़ा।
स्थान- सीएचसी
शनिवार को हुई बरसात से अजीतमल सीएचसी में जलभराव हो गया। पानी के कारण मरीज भी नही पहुंचे। जो पहुंचे वह पानी में ही घुसकर गए। डाक्टरों और कर्मचारियों को पानी में बैठना पड़ा। पानी स्टाक रूम तक पहुंच गया। इससे दवाओं के खराब होने का भी डर बना है।
स्थान-शीतला मंदिर वाली सड़क
शीतला मंदिर जाने वाली सड़क तालाब में तब्दील हो गई। यह आजाद नगर मोहल्ले को जाने वाली सड़क भी है। सड़क तालाब बनने के कारण यहां से लोगों का आवागमन ठप है।
सड़क किनारे रखी दुकानें डूबी
सीएचसी के बगल में झोपड़ी रखकर दुकान चला रहे परिवार की दुकानें पानी में डूब गई हैं। झोपड़ी में पानी भरने से लोग पानी में ही घुसकर बैठे और नगर पंचायत प्रशासन कर्मी को कोस रहे हैं।