दिबियापुर। एनटीपीसी स्थित केंद्रीय विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं में ऑफलाइन प्रवेश फार्म जमा होने के बाद मंगलवार से लाटरी प्रक्रिया होगी। विद्यालय ने लाटरी की तिथि घोषित कर दी है। 15 जुलाई को लाटरी के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। सफल अभ्यर्थियों के 17 जुलाई से प्रवेश प्रारंभ हो जाएंगें।
केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य स्नेहलता के अनुसार कक्षा दो में फार्म जमा करने वालों की लाटरी 11 जुलाई को सुबह नौ बजे से होगी। कक्षा छह के लिए 11 जुलाई को ही दोपहर 12 बजे से लाटरी प्रक्रिया होगी। कक्षा तीन के लिए 12 जुलाई को सुबह नौ बजे से एवं कक्षा एक के लिए लाटरी प्रक्रिया 14 जुलाई को सुबह नौ बजे से होगी। बताया कि आवेदन फार्म की प्राप्ति रसीद के साथ अभिभावक, विद्यालय में प्रवेश के लिए लाटरी प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
विज्ञापन
सभी लाटरी के परिणाम 15 जुलाई को विद्यालय के सूचना पट एवं विद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश 17 जुलाई सोमवार से (सुबह 10 बजे से डेढ़ बजे तक) शुरू होंगे। उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों से प्रवेश के लिए आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ विद्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा है। प्रवेश के समय सभी मूल प्रमाण पत्रों को प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। बताया कि केंद्रीय विद्यालय में प्रवेश छात्र छात्राओं के अभिभावकों की सर्विस केटेगरी के आधार पर किया जाता है।
बता दें कि एनटीपीसी आवासीय परिसर में चल रहे केंद्रीय विद्यालय को पिछले लगभग चार वर्षों से चरणबद्ध तरीके से बंद करने की बात चल रही थी। इसके चलते तीन वर्षों से कक्षा एक में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया नहीं हुई थी। केंद्रीय विद्यालय ने सत्र 2023-24 में कक्षा एक, दो, तीन, छह और 11 का संचालन न करने की औपचारिक घोषणा कर दी थी। काफी जद्दोजहद के बाद मई 2023 में एनटीपीसी कारपोरेट ने केंद्रीय विद्यालय संचालन के लिए आवश्यक फंड और सुविधाएं पूर्ववत दिए जाने की घोषणा कर दी थी।
जून में केंद्रीय विद्यालय संगठन ने सभी बंद कक्षाओं को दोबारा संचालन किए जाने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया था। इसके बाद कक्षा एक, दो, तीन, छह और 11 वीं (विज्ञान एवं मानविकी) की 40-40 सीटों पर प्रवेश के लिए 26 जून से सात जुलाई प्रवेश फार्म वितरण एवं जमा करने की प्रक्रिया चल रही थी। सोमवार को जमा फार्म की जांच प्रक्रिया पूरी हुई।