आग बुझाते फायर कर्मी व गांववासी
- फोटो : amar ujala beuro
अजीतमल और बेला थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगह लगी आग में सात घर जलकर राख हो गए। अग्निकांड में लाखों रुपये का सामान जल गया। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणाें ने जिला प्रशासन से मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
क्षेत्र के ग्राम जमालपुर में अज्ञात कारणों से जालिम सक्सेना पुत्र राधेश्याम सक्सेना के घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने जालिम के भाई रामबाबू व धनीराम सक्सेना के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग को बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत की, लेकिन आग बुझाने में नाकाम रहे। इसी बीच किसी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ितों ने बताया कि घटना से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही पूर्व विधायक शिव प्रसाद यादव घटनास्थल पर पहुंचेेे। उन्होंने पीड़ितों को मुआवजा दिलाए जानेे का आश्वासन दिया है।
उधर चिंगारी की चपेट में आने से छीतापुर गांव में चार घर जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर पानी डाल काबू पाया। आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। फिलहाल ग्रामीणों ने आग से तबाह हुए परिवार को भोजन पानी की मदद दी है। तहसील क्षेत्र के बीहड़ में बसे गांव छीतापुर में शनिवार शाम अचानक वेद प्रकाश के घर से आग की लपटें उठने लगीं। वेद प्रकार का घर जलता देख ग्रामीण बाल्टियों में पानी लेकर दौड़ पड़े।
ग्रामीण आग पर काबू पाते आग ने पड़ोस में रहने वाले भाई लालकृष्ण, कमलेश और पिंटू के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें बेकाबू होती देख ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक आग से चारों घरों में रखा, कपड़ा, बर्तन जेवरात, अनाज आदि जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंचे तहसील के अधिकारियों ने क्षति के आंकलन किए जाने के निर्देश दिए हैं।