भारतीय जनता पार्टी की महाजनसंपर्क अभियान की दिबियापुर के सरस्वती विद्या रिसोर्ट में हुई समीक्षा बैठक में मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गी ने मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रवासी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाने को कहा। मंगलवार को समीक्षा बैठक में जिले भर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता खासी संख्या में जुटे।
राष्ट्रीय मंत्री कैलाश विजयवर्गी ने कहा कि अभी से प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए गांव गांव निकलें। वहां जाकर पार्टी एवं केंद्र सरकार की नीतियां बताकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएं। जिससे उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बन सके।
यह सब कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है कि पांच सदस्यों से जन्म लेने वाली पार्टी के आज विश्व में 12 करोड़ सदस्य हैं। यह आंकड़ा भाजपा को विश्व में सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा दिलाती है। जो वोट हमें लोकसभा चुनाव में मिला है उन वोटरों तक पहुंचना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
ताकि उन वोटरों को भाजपा का सदस्य बनाकर पार्टी की मजबूत कड़ी बनाया जा सके। उन्होंने प्रदेश की सपा सरकार को आडे़ हाथों लेते हुए कहा कि इस सरकार में अपराध का इतना अधिक विकास हुआ है जो अपने आप में एक रिकार्ड है। प्रदेश के किसान आत्महत्या कर रहे हैं। प्रदेश सरकार के पतन के दिन निकट हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश शर्मा ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार अपराधियों को संरक्षण देने में पहले स्थान पर है। लोगों को एक भी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।