औरैया। लॉकडाउन के तीसरे चरण में जिला प्रशासन ने सोमवार से जरूरत की दुकानों को सशर्त खोलने का फरमान जारी किया है। अब बाजार में दुकानें सुबह सात से दोपहर दो बजे तक खुलेंगी। पहले यह समय सुबह सात से 10 बजे तक निर्धारित था।
वहीं, शराब की दुकानों के सुबह 10 बजे से शाम सात बजे का खोलने का समय निर्धारित किया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि लॉकडाउन बरकरार रहेगा। पब्लिक को दिक्कत न हो, इसलिए सहूलियत दी जा रही है। वहीं, सोमवार को छूट मिलने के पहले दिन बाजारों व सड़कों पर खूब भीड़ नजर आई। वहीं, हॉटस्पॉट घोषित क्षेत्रों में कोई छूट नहीं दी गई है।
डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि शर्तों के तहत दुकानें खुलने के निर्देश जारी किए गए हैं। यदि शर्तों का उल्लंघन कहीं होता है तो दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही उस क्षेत्र की सभी दुकानों को बंद करा दिया जाएगा। बाजार में दुकानों के खुलने पर प्रमुख शर्त यह है कि दुकानदार सोशल डिस्टेंस का पालन कराएंगे। दुकान पर आने वाले हर व्यक्ति के चेहरे पर मास्क होगा, दुकान पर आने वाले हर व्यक्ति का हाथ सैनिटाइज कराया जाएगा। विशेष रूप से घनी बस्तियों और घने बाजारों में दुकानदार इस बात का ध्यान रखें कि सड़क पर भीड़ न दिखे, सड़कें जाम न हों। सोमवार को छूट मिलने के पहले दिन सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक बाजारों में भीड़ रही।
दोपहर 12:30 बजे तो प्रमुख बाजारों व सड़कों पर खूब भीड़ रही। पुलिस भी घनी बस्तियों वाले बाजारों और मुख्य बाजारों में शासन के नियमों का पालन कराती दिखी। वहीं, हॉटस्पॉट घोषित खानपुर कस्बा, दयालपुर मोहल्ला, तहसील वाली मस्जिद, हालेपुर गांव व दिबियापुर के कृष्णानगर कालोनी में किसी भी तरह की छूट नहीं दी गई है।
लॉकडाउन के बाद सोमवार को पहली बार शराब की दुकानें खुलीं। जिले में देसी शराब के 75, अंग्रेजी शराब की 26 और बीयर की 31 दुकानें हैं। इन दुकानों को सुबह 10 बजे से शाम सात बजे तक खोलने के आदेश हैं। आज सुबह से ही लोग दुकानों के खुलने का इंतजार करते देखे गए। शराब की दुकानों का शटर उठते ही शौकीनों की भीड़ उमड़ पड़ी। सोशल डिस्टेंस का पालन कराने के लिए पुलिस को कई ठेकों पर लाठियां पटकनी पड़ी।
शहर के सुभाष चौराहे के पास स्थित बीयर शॉप पर खासी भीड़ रही। कोई बाइक पर तो कोई पैदल ही बीयर की कई-कई केन लेकर जाते दिखा। भीड़ को नियंत्रण में करने और सोशल डिस्टेंस का पालन कराने के लिए ठेका संचालकों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर के समय गश्त पर निकली एसपी ने शराब ठेकों पर सोशल डिस्टेंस का पालन होते नहीं देखा तो कड़ी चेतावनी दी। हालांकि कुछ शराब ठेके के संचालकों ने दुकान के बाहर गोल घेरा बनवाकर सोशल डिस्टेंस का पालन करवाया।