औरैया। शहर में सोमवार को सुबह लॉकडाउन का दूर-दूर तक असर नहीं दिखाई दिया। हालत यह रही कि निर्धारित समय सीमा सुबह 7 से 10 बजे के बाद दो घंटे तक सड़कों पर चारों तरफ लोगों की भीड़ दिखाई दी। लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कर्मी इधर से उधर दौड़ते दिखाई दिए।
जिला प्रशासन के निर्देश पर लॉकडाउन के दौरान सुबह 7 से 10 बजे तक खाद्य पदार्थों की खोली गई दुकानों पर खरीदारी हुई। अहम बात यह है कि लॉकडाउन में प्रतिदिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद सड़कों पर काफी सन्नाटा छा जाता था। सोमवार को कुछ अलग ही स्थिति दिखाई दी। सामान खरीदने की समय सीमा समाप्त होने के बाद भी शहर की सड़कों पर लगभग दो घंटे तक लोगों की चहलकदमी जारी रही।
दिबियापुर रोड, कानपुर रोड या फिर इटावा रोड हो सभी मार्गों पर लोग काफी संख्या में आते-जाते रहे। इन लोगों को आते-जाते देख सुभाष चौक पर जमा पुलिस व ट्रैफिक के सिपाहियों ने काफी समझा बुझाकर कर वापस लौटाया। इसके बाद भी लोगों के आने-जाने का क्रम जारी होते देख पुलिस कर्मियों ने सुभाष चौक पर चारों तरफ बेरीकेटिंग लगा दी। साथ ही आने-जाने वालों को सख्ती दिखाते हुए वापस लौटाया। ऐसे में सुबह के समय दो घंटे तक ऐसा लगा जैसे शहर में लॉकडाउन समाप्त ही कर दिया गया है।