बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के गांव बंथरा से तीन दिन पहले लापता हुई देवरानी-जेठानी दो महिलाओं और पांच मासूम बच्चों का सुराग पुलिस के हाथ लगा है।
सर्विलांस की मदद से पुलिस को उनकी लोकेशन गुजरात के अहमदाबाद स्थित कच्छ के पास मिली है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की एक टीम वहां के लिए रवाना कर दी गई।
गांव बंथरा गांव निवासी संजना उर्फ जूली और सरिता 17 फरवरी तड़के अपने पांच बच्चों शीतल, शिवन्या, शिवा, रिया और श्रद्धा के साथ घर से अचानक लापता हो गईं थी। एक साथ घर से सात लोगों के लापता होने से हड़कंप मच गया था। परिजन की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।
बुधवार को सभी कन्नौज स्थित रेलवे स्टेशन पर दिखाई दिए थे। अहमदाबाद में संजना की बहन रहती है। बृहस्पतिवार को वहां पहुंचकर संजना ने बहन को फोन किया, इधर सर्विलांस टीम को उनकी लोकेशन मिल गई। अब पुलिस की एक टीम वहां के लिए रवाना कर दी गई।
कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि गुजरात में होने की जानकारी के बाद टीम को रवाना कर दिया गया है। जल्द उन्हें ढूंढ निकाला जाएगा। पुलिस उनके इस तरह जाने की कारण भी पूछेगी।