बिधूना। थाना क्षेत्र के गांव बड़े पुरवा में शनिवार देर रात एक बजे एलएलबी प्रथम वर्ष के छात्र की छत से नीचे गिरकर मौत हो गई।
बड़े पुरवा गांव निवासी शिवम (27) एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र था। शनिवार रात वह मकान की छत पर सो रहा था। रात करीब एक बजे नींद खुलने पर बाथरूम के लिए उठकर जाने लगा। परिजन के अनुसार, अनुमान है कि नींद की हालत में वह बाथरूम की ओर जाने के बजाय दूसरी तरफ चला गया और छत से टिनशेड पर गिरने के बाद सड़क पर गिरने से शिवम के सिर पर गंभीर चोटें आ गईं। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिवम पढ़ाई के साथ-साथ गांव में बीज भंडार की दुकान भी चलाता था। तीन भाइयों में बड़ा होने से परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि भाई अभी पढ़ाई कर रहे हैं। शिवम की अचानक मौत से परिजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। इस दौरान परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। कोतवाल विनेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी, परिजन ने किसी भी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। पंचनामा भरकर शव परिजन को सौंप दिया गया।